Chapter 12 संसार पुस्तक है summary notes class 6th hindi vasant

संसार पुस्तक है वसंत भाग – 1 (Summary of Sansar Pustak hai Vasant)

यह पाठ पंडित जवाहरलाल नेहरू द्वारा अपनी पुत्री को लिखा गया एक पत्र है। इस पत्र के माध्यम से दुनिया और छोटे देशों के बारे में अपनी पुत्री को बताना चाहते थे। नेहरू जी इलाहाबाद में थे और उनकी दस वर्षीय पुत्री इंदिरा गाँधी मसूरी में थीं। वे पत्रों द्वारा अपनी बेटी को दुनिया की जानकारी देना चाहते थे| 

वह अपनी बेटी से कहते हैं कि तुमने इंग्लैंड तथा हिंदुस्तान के विषय में इतिहास में पढ़ा होगा लेकिन यदि दुनिया को जानना है तो समझना कि सारा संसार एक है। इसमें रहने वाले सभी भाई-बहन हैं। यह धरती लाखों-करोड़ों वर्ष पुरानी है। एक समय था जब धरती बेहद गर्म थी और इस पर कोई जीवित नहीं रह सकता था। इतिहास को किताबों में पढ़ा जा सकता है परन्तु पुराने जमाने में जब आदमी नहीं था, तब किताबें कौन लिखता? पहाड़, समुद्र, सितारों, नदियाँ, जंगल आदि के माध्यम से भी पुरानी दुनिया का पता लग सकता है। इसके लिए संसार रूपी पुस्तक को पढ़ना होगा। संसार रूपी पुस्तक को पढ़ने के लिए पत्थरों और पहाड़ों को पढ़ना चाहिए। सड़क पर या पहाड़ के नीचे का छोटा-सा पत्थर का टुकड़ा भी पुस्तक का पृष्ठ बन जाता है| 

जैसे हम कोई भाषा सीखने के लिए अक्षर ज्ञान प्राप्त करते हैं उसी प्रकार प्रकृति को समझने का ज्ञान हम पत्थरों और चट्टानों से प्राप्त कर सकते हैं| कोई चिकना-सा पत्थर भी अपने बारे में बहुत कुछ बताता है कि यह गोल, चिकना, चमकीला और खुरदुरे किनारे कैसे हो गया। अंत में वह बालू का कण कैसे हो गयाऔर सागर के किनारे जम गया। अगर छोटा-सा पत्थर इतनी जानकारी दे सकता है, तो पहाड़ों और अन्य चीजों से हमें कई बातें पता चल सकती हैं।

कठिन शब्दों के अर्थ –

• अकसर – प्रायः 

• खत – पत्र

• आबाद – बसा हुआ 

• गौर से – ध्यान से

• जर्रा – कण 

• दामन–तलहटी

• खुरदरा-जिसकी सतह चिकनी न हो

• घरौंदा-बच्चों द्वारा बनाया मिट्टी का छोटा-सा घर

Read More

Chapter 11 जो देखकर भी नहीं देखते Class 6 Summary notes class 6th hindi vasant

जो देखकर भी नहीं देखते वसंत भाग – 1 (Summary of Jo Dekhkar bhi nhi dekhte Vasant)

यह पाठ हेलेन केलेर द्वार लिखा एक निबंध है जो दृष्टिहीन एवं बधिर थी। उनकी सहेली कुछ समय पहले जंगल की सैर करके आई थीं परन्तु पूछने पर उसने कहा उसने कुछ खास नहीं देखा। चूँकि ऐसा सुनने की लेखिका को आदत पड़ चुकी थी इसलिए उन्हें कोई आश्चर्य नहीं हुआ| साथ ही उन्हें यह भी लगता था की कोई इतना घूमकर भी विशेष चीज़ कैसे नहीं देख सकता, जबकि वे अंधी होते हुए भी सब कुछ देख लेती है। 

वे रोज़ाना सैकड़ों चीज़ों को छूकर और महसूस कर पहचान लेती हैं जैसे भोजपत्र की चिकनी छाल, चीड़ की खुरदरी छाल, वसंत में खिली कलियाँ तथा फूलों की पंखुड़ियों की मखमली सतह आदि| इन सबको स्पर्श करने से उन्हें आनंद प्राप्त होता है| अपनी अँगुलियों के बीच बहते पानी को महसूस करने से उन्हें आनंद मिलता है| बदलता हुआ मौसम उनके जीवन में खुशियाँ भर देता है| लेखिका को लगता है जब इन सब चीजों को छूने मात्र से ही इतनी खुशी मिलती है अगर वे इन सबको देखतीं तो उन में खो जातीं। 

उनके अनुसार जिनकी आँखें होती हैं वे लोग बहुत ही कम देखते हैं। वे प्रकृति को लेकर असंवेदनशील होते हैं| मनुष्य के पास जिस चीज़ की कमी होती है, वह उसे प्राप्त करने के लिए लालायित रहता है। ईश्वर से मिली दृष्टि को मानव एक साधारण-सी चीज़ समझकर उसका उचित प्रयोग नहीं । करता है, जबकि इसके उचित प्रयोग से जीवन में खुशियों के इंद्रधनुषी रंग भरे जा सकते हैं।

कठिन शब्दों के अर्थ –

• परखने – जाँचने 
• अचरज – आश्चर्य, हैरानी
• रोचक – अच्छी लगने वाली 
• समाँ – वातावरण 
• मुग्ध – मोहित 
• क्षमता – ताकत
• कदर – पहचानना
• आस – उम्मीद 
• नियामत – ईश्वर की देन 
• इंद्रधनुषी रंग – अनेक प्रकार के रंग

Read More

Chapter 10 झाँसी की रानी Class 6 Summary notes | class 6th Hindi vasant

झाँसी की रानी सार वसंत भाग – 1 (Summary of Jhansi ki Rani Vasant)

इस कविता में झाँसी की रानी लक्ष्मीबाई की वीरता का बखान किया गया है| यह कविता सन् 1857 के स्वतंत्रता संग्राम की परिस्थितियों की झलक देता है|

अंग्रेज़ों के बढ़ते अत्याचार के खिलाफ और स्वतंत्रता की लड़ाई के लिए भारत के राजाओं में हलचल हुई जिससे सिंहासन हिल गए। राजवंश अंग्रेजों पर गुस्सा हो गए। गुलामी के जंजीर में जकड़े जर्जर बूढ़े भारत में फिर से नया जोश का संचार हुआ। सभी राजा अपनी खोई हुई आजादी का मूल्य समझने लगे थे इसलिए उन्होंने फिरंगी यानी अंग्रेज़ो को भारत से भगाने का निश्चय कर लिया था। भारत की पुरानी तलवार सन् 1857 में चमक उठी। झाँसी की रानी उस युद्ध में वीर पुरुषों की भाँति लड़ी। उसकी यह कहानी हमने बुंदेलखण्ड के हरबोलों से सुनी थीं।

लक्ष्मीबाई कानपुर के नाना साहब की मुँहबोली बहन थी जिनका बचपन का नाम छबीली था। वह अपने पिता की अकेली संतान थीं। उनका बचपन नाना साहब के साथ पढ़ते और खेलते बिता था। वह अपने उम्र की लड़कियों को सहेली नहीं बनाकर बरछी, ढाल, कृपाण को वह अपनी सहेली मानती थी। उन्हें शिवाजी जैसे वीरों की कहानियाँ जबानी याद थीं। कवयित्री कहती हैं कि हमने बुंदेले हरबोलों के मुँह से सुना है कि रानी लक्ष्मीबाई वीर पुरुषों की भाँति बहादुरी से लड़ी थीं।

लक्ष्मीबाई को देखकर ऐसा लगता था कि मानो वह वीरता की अवतार लक्ष्मी या दुर्गा हैं| उनकी तलवारों की चोटें देखकर मराठे प्रसन्न होते थे। नकली युद्ध करना, चक्रव्यूह बनाना, खूब शिकार करना, शत्रु की सेना को घेरना, शत्रु के किले तोड़ना उनके प्रिय खेल थे। महाराष्ट्र की कुलदेवी भवानी लक्ष्मीबाई की आराध्य थीं।

वीरांगना छबीली का विवाह झाँसी के राजा गंगाधर राव के साथ हुआ तब वह रानी लक्ष्मीबाई बनकर झाँसी आ गई। राजमहल में बधाई के बाजे बजने लगे। उनके विवाह के अवसर पर झाँसी के राजमहल में बधाइयाँ बजीं और खुशियाँ छा गईं। मानो, वह झाँसी में वीर बुंदेलों की कीर्ति बनकर आ गई हो। ऐसा लगा जैसे चित्रा को वीर अर्जुन मिल गया या शिव से भवानी मिली हो।

रानी के विवाह के बाद झाँसी का सौभाग्य जाग गया। महलों में प्रसन्नता का प्रकाश हो गया, किन्तु समय के साथ दुर्भाग्य के बादल भी घिर आए। दुर्भाग्य को तीर चलाने वाले हाथों का चूड़ियाँ पहनना अच्छा नहीं लगा और हाय रानी लक्ष्मीबाई विधवा हो गई। भाग्य को भी उन पर दया नहीं आई। राजा गंगाधर राव नि:संतान मर गए। रानी शोक में डूब गई।

लक्ष्मीबाई विवाह के बाद जब झाँसी में आई तो वहाँ का सौभाग्य जाग गया| महलों में उजाला छा गया। किंतु हथियार उठाने वाले हाथों को चूड़ियाँ कब शोभा देती हैं? दुर्भाग्य को तीर चलाने वाले हाथों का चूड़ियाँ पहनना अच्छा नहीं लगा| राजा की मृत्यु हो गई और रानी विधवा हो गई। भाग्य को भी उन पर दया नहीं आई। राजा गंगाधर राव नि:संतान मर गए। रानी शोक में डूब गई।

झाँसी का दीपक बुझ जाने पर अर्थात राजा के मर जाने पर अंग्रेज गवर्नर लॉर्ड डलहौजी को बड़ी प्रसन्नता हुई, क्योंकि उसे झाँसी का राज्य हड़पने का अच्छा अवसर मिल गया। उसने तुरन्त अपनी फौजें भेज झाँसी के किले पर अपना झंडा फहरा दिया। इस प्रकार उस वारिस रहित झाँसी के राज्य का वारिस ब्रिटिश राज्य बन गया।रानी ने आँसू भरकर देखा कि झाँसी उजड़ रही थी।

जब अंग्रेजों ने झाँसी को अपने राज्य में मिलाया, तब रानी ने उनसे अनेक तरह से विनम्र प्रार्थना की परन्तु सब बेकार रहा। अंग्रेज़ जब भारत में ईस्ट इंडिया कंपनी के रूप में आए तो वे साधारण व्यापारी थे। उस समय वे यहाँ के राजाओं की दया चाहते थे। डलहौजी ने धीरे-धीरे अंग्रेजी शासन का विस्तार किया और धीरे-धीरे परिस्थितियाँ उनके पक्ष में आ गईं| जिन राजाओं और नवाबों से वे तब दया माँगते थे, उन्हीं को अंग्रेजों ने पैरों से ठुकराया है। अब अंग्रेज़ी राज्य की दासी थी और दासी के समान रहने वाली अंग्रेज़ी शासन की विक्टोरिया अब हमारे देश की महारानी बन गई थी यानी अंग्रेजी साम्राज्य पूरे भारत में फ़ैल गया।

अंग्रेजों ने दिल्ली छीन ली और उस पर अपना अधिकार कर लिया। लखनऊ को भी उन्होंने जीत लिया। बिठूर के पेशवा बाजीराव को बंदी बना लिया गया तथा नागपुर पर भी घातक हमला हुआ। इसी प्रकार उदयपुर, तंजौर, सतारा, कर्नाटक आदि भी अंग्रेजों के सामने न ठहर सके। सिंध, पंजाब, म्यांमार (बर्मा) आदि का भी पतन हो गया। यही हालत बंगाल और मद्रास (चेन्नई) की भी हुई।

जिन राजाओं के राजपाट छिने उनकी रानियाँ रनिवासों में रो रही थीं और जिन नवाबों की रियासत छिनी उनकी बेगमें भी बहुत दुखी थीं। उनके बहुमूल्य कपड़े और गहने कलकत्ता के बाजार में बिक रहे थे। अंग्रेजी अखबार नीलामी की खबरें सबके बीच पहुँचा रहे थे। नागपुर के जेवरों और लखनऊ के प्रसिद्ध नौलखे हार बाजारों में बिक रहे थे। वे गहने जो औरतों तथा रानियों की शोभा थे, पर्दे की इज्जत थे, दूसरों के हाथों बिक रहे थे।

जब झाँसी पर अंग्रेजों का कब्जा हो गया तो झाँसी को मुक्त कराने के लिए प्रयास होने लगे। जो कुटिया में रहते थे वे बहुत दुखी थे और महलों में रहने वाले भी अपमानित महसूस कर रहे थे। झाँसी के वीर सैनिकों के मन में अपने वीर पूर्वजों की वीरता का अभिमान भी था। वे अंग्रेजों से बदला लेने के लिए तैयार थे। नाना धुंधूपंत और पेशवा अंग्रेजों के विरुद्ध युद्ध करने के लिए आवश्यक सामान जुटा रहे थे। उनकी बहन छबीली यानी रानी लक्ष्मीबाई ने भी राज्य की स्त्रियों में देवी दुर्गा के रणचंडी रूप को जागृत कर रही थी अर्थात् युद्ध का प्रशिक्षण देकर अपनी सेना में शामिल कर रही थी।  इस प्रकार सभी ने स्वतंत्रता रूपी यज्ञ में सोई हुई ज्योति को जगाने का निश्चय कर लिया था।

अंग्रेजों से अपनी आजादी छीन लेने की बात महलों में आग की तरह फैल रहीं थीं तो साथ ही झोपड़ी यानी गरीब वर्ग में भी अंग्रेजों के प्रति गुस्सा था। आजादी प्राप्त करने का यह जोश, जुनून उनके हृदय से निकल रहा था। झाँसी और दिल्ली जाग चुकी थी तो लखनऊ में भी लोग अंग्रेजी सेना के विरुद्ध तैयार खड़े थे। मेरठ, पटना, कानपुर में आजादी प्राप्त करने की बात सबके दिलों में थी। जबलपुर और कोल्हापुर के लोगों में यह बात भरनी थी यानी उनको भी प्रेरित करना था।

जब स्वतंत्रता रूपी महायज्ञ आरंभ हुआ तो अनेक वीर योद्धाओं ने अपना बलिदान दिया। इनमें नाना धुंधूपंत, ताँतिया, अजीमुल्ला-अहमद शाह मौलवी, कुर कुँवर सिंह जैसे वीर सैनिक थे। आजादी के इस महायज्ञ में कई वीरों को अपनी कुर्बानी देनी पड़ी। भारत की स्वतंत्रता के इतिहास रूपी आकाश में इनका नाम सूरज-चाँद की तरह हमेशा अमर रहेगा। उनकी इस कुर्बानी, त्याग और बलिदान को अंग्रेज जुर्म अर्थात् अपराध कहते थे।

हम अन्य प्रदेशों की बातें छोड़कर झाँसी के मैदानों का दृश्य देखते हैं, जहाँ लक्ष्मीबाई मर्दो में मर्द बनी खड़ी है अर्थात् मर्दो से बढ़कर वीर योद्धा के रूप में लड़ रही थीं। अंग्रेजों की ओर से लेफ्टिनेंट वॉकर ने अपने जवानों के साथ झाँसी पर हमला किया। रानी ने भी उसका विरोध करने के लिए तलवार खींच ली अर्थात युद्ध की घोषणा कर दी थी। दोनों में भीषण युद्ध हुआ। धूल से आकाश ढक गया। अंग्रेज सेनापति घायल होकर भाग गया। उसे रानी की वीरता देखकर बहुत आश्चर्य हुआ।

रानी झाँसी लगातार सौ मील की यात्रा करके कालपी आ गई। इतना सफ़र करने के कारण उनका घोड़ा थककर धरती पर गिर पड़ा और तुरन्त मर गया। वहाँ यमुना के किनारे फिर अंग्रेज़ रानी से हार गए। कालपी जीतकर रानी फिर आगे बढ़ी और उसने ग्वालियर पर अधिकार कर लिया। ग्वालियर का राजा सिंधिया अंग्रेज़ों का मित्र था। उसे रानी से पराजित होकर राजधानी छोड़नी पड़ी।

रानी की जीत हुई पर फिर से अंग्रेजों की सेना रानी को घेरती हुई आ पहुँची। इस बार सामने से आ रही टुकड़ी का नेतृत्व जनरल स्मिथ कर रहा था। उधर रानी के साथ उसकी दो सहेलियाँ काना और मंदरा भी आई थीं और उन्होंने युद्ध में बहुतसे शत्रुओं को मारा| परंतु तभी पीछे से यूरोज ने आकर आक्रमण कर दिया। इस प्रकार रानी दोनों ओर से घिर गई|

लक्ष्मीबाई दोनों ओर से घिर जाने पर भी मार-काट करती हुई आगे बढ़ गई और सेना को पार करती हुई निकल गई। तभी अचानक सामने एक बहुत बड़ा नाला आ गया। रानी के लिए यह एक भारी संकट था। रानी का नया घोड़ा उसे पार न करने के लिए अड़ गया। इतने में पीछा करते हुए अंग्रेज सैनिक आ गए और दोनों ओर से वार पर वार होते चले गए। शेरनी-सी रानी घायल होकर गिर गई और वीरगति को प्राप्त हुई।

रानी स्वर्ग सिधार गई अब उसकी अनोखी सवारी चिता ही थी। तेज-से-तेज मिल गया अर्थात रानी का आत्मरूपी तेज प्रभु के तेज से मिल गया। वह तेज की सच्ची अधिकारी भी थी। अभी वह केवल तेईस वर्ष की थी और तेईस वर्षों में उन्होंने जो वीरता दिखाई उससे लगता है वह मनुष्य नहीं कोई देवता थीं। वह स्वतंत्रता की देवी बनकर हमें जीवित करने आई थीं। वह हमें बलिदान का मार्ग दिखा गईं और जो सीख देनी थी दे गईं।

कवयित्री कहती है कि रानी लक्ष्मीबाई, तुम तो स्वर्ग को जाओ परन्तु स्वतंत्रता आंदोलन  में आपके योगदान को कभी भुलाया नहीं जा सकता। आपका यह बलिदान हमें कभी न नष्ट होने वाली आजादी के प्रति सचेत करता रहेगा। इतिहास चाहे कुछ भी न कहे और सच्चाई का गला घोंट दिया जाए| अंग्रेजों द्वारा विजय प्राप्त कर

भी ली जाए या वे झाँसी को गोलों से नष्ट कर दें पर भारतवासी यह बलिदान नहीं भूल सकेंगे। हे रानी! तू अपना स्मारक स्वयं होगी यानी आप तो अपने आप में ही अपनी याद का चिह्न थी।

कठिन शब्दों के अर्थ –

• भृकुटी तानना – क्रोध करना
• गुमी हुई – खोई हुई
• फिरंगी – विदेशी (अंग्रेज़)
• मन में ठानना – पक्का इरादा करना
• हरबोले – हर व्यक्ति के मुँह से
• कृपाण – तलवार
• अवतार – विशेष रूप से जन्म लेना
• पुलकित – प्रसन्न
• व्यूह-रचना – मोर्चा बनाना
• दुर्ग तोड़ना – किला तोड़ना
• खिलबाड़ – खेल
• भवानी  -पार्वती
• सुमट – अच्छे वीर
• विरुदावलि – प्रशंसा की कहानी
• उदित हुआ – जगा
• मुदित – प्रसन्न
• कालगति – मृत्यु की चाल
• काली घटा घेर लाना – मुसीबतें आना
• अश्रुपूर्ण – आँसुओं से भरे हुए
• बिरानी – पराई
• अनुनय-विनय – प्रार्थना
• विषम – कठिन
• पैर पसारना – विस्तार करना
• काया पलटना – बदलाव आना
• घात – आक्रमण
• कौन बिसात – क्या औकात
• वज्र नियात – करारी चोट
• बेजार – पीड़ित
• सरेआम – सबके सामने
• नौलखा – बहुमूल्य हार
• रणचंडी – दुर्गा का एक रूप
• आह्वान – पुकारना
• अंतरतम – हृदय
• चेती – जाग्रत हो गई
• लपटें छाना – भयंकर रूप से फैल जाना
• उकसाना – प्रेरित करना
• अभिराम – सुन्दर
• मुँह की खाना – हारना,
• वीर गति पाना – युद्ध में शहीद होना
• दिव्य – अलौकिक
• मदमाती – मस्त करने वाली
• अमिट – न मिटने वाली।

Read More

Chapter 9 टिकट अलबम Notes for Class 6 Hindi Vasant

पठन सामग्री, अतिरिक्त प्रश्न और उत्तर और सार – टिकट-अलबम वसंत भाग – 1

राजप्पा और नागराजन दोनों सहपाठी थे। राजप्पा के पास डाक-टिकटों का एक सुन्दर अलबम था। उसके अलबम की लड़कों में काफ़ी तारीफ़ रही थी। परन्तु जब से नागराजन के मामा ने सिंगापुर से उसके लिए अलबम भेज था तब से राजप्पा के अलबम को कोई नहीं पूछता था। नागराजन अपना अलबम सबको दिखाता था पर किसी को छूने नहीं देता। लड़कियों द्वारा माँगे जाने पर नागराजन ने अलबम पर कवर चढ़ाकर दिया। शाम तक देखने के बाद उसने अलबम वापस ले लिया।

काफ़ी मेहनत से तैयार की गई राजप्पा के अलबम के कोई तारीफ़ नहीं करता। कई सहपाठी उसके अलबम की तुलना नागराजन के अलबम से कर राजप्पा के अलबम को फिसड्डी बताते। राजप्पा ने नागराजन के अलबम को देखने की कभी इच्छा प्रकट नहीं की।

अब राजप्पा मन ही मन कुढ़ने लगा था। लड़कों के सामने जाने में शर्म आने लगा था। पहले वो टिकट की खोज में घूमा करता था परन्तु अब घर में रहने लगा। उसे नागराजन के अलबम से चिढ़ होने लगी थी। वह नागराजन के घर की तरफ़ चल पड़ा। राजप्पा ने सोच लिया था कि वह अपने फ़ालतू टिकट से नागराजन के अच्छे टिकट बदल लेगा। उसे अपने पर विश्वास था चूँकि उसने पहले भी ऐसा कई बार किया था।

वह नागराजन के घर पहुँचकर ऊपर चला गया। थोड़ी देर बाद नागराजन की बहन कामाक्षी ऊपर आई। उसने बताया नागराजन शहर गया है। उसने भी अपने भाई के अलबम की तारीफ़ की। कामाक्षी थोड़ी देर बाद नीचे चली गई। राजप्पा ने नागराजन के अलबम को चुरा लिया और अपने घर में जाकर अलमारी की पीछे छुपा दिया।

रात को एक सहपाठी आया जिसने उसे बताया कि नागराजन का अलबम चोरी हो गया। उस रात उसे नींद नहीं आयी। सुबह को वह सहपाठी दोबारा आया और राजप्पा को बताया कि शायद नागराजन पुलिस में जाएगा। उसके पापा डी.एस.पी के दफ़्तर में काम करते हैं।

राजप्पा के पापा दफ़्तर चले गए। राजप्पा बिस्तर पर बैठा था। दरवाजे पर दस्तक हुई। राजप्पा घबरा गया, उसे लगा पुलिस आयी है। पकड़े जाने के डर से उसने नागराजन के अलबम को अँगीठी में डाल कर जला दिया। तभी अम्मा की आवाज़ आयी कि नागराजन उससे मिलने आया है। नागराजन ने राजप्पा को बताया कि उसका अलबम चोरी हो गया है। नागराजन बहुत मायूस था। राजप्पा ने उसे अपना अलबम देकर कहा कि वह उसे रख ले। नागराजन ने सोचा वह मज़ाक कर रहा है परन्तु राजप्पा बार-बार वही बात कर रहा था। जब नागराजन राजप्पा का अलबम ले जाने लगा तब राजप्पा ने कहा कि वह उसे रातभर देखना चाहता है, सुबह वह उसे लौटा देगा।

कठिन शब्दों के अर्थ

• चबेना – चबाने के लिए भुने हुए चने आदि
• अगुवा – नेता
• पगडंडी – पैदल चलने से बना रास्ता
• टीपना – नकल लगाकर लिखना
• घुड़की देना – धमकाना
• बघारना – अपनी होशियारी दिखाने के लिए किसी बात की चर्चा करना
• कोरस – एक साथ मिलकर गाना
• खलना – बुरा लगना
• साँकल खटकी – कुंडी की आवाज आना
• साँस ऊपर की ऊपर और नीचे की नीचे रहना – घबरा जाना
• आग में घी डालना – गुस्से या चिंता आदि को और बढ़ाना
• चेहरा उतरा हुआ होना – निराश होना

Read More

Chapter 8 ऐसे ऐसे Notes for Class 6 Hindi Vasant

ऐसे-ऐसे’ एकांकी विष्णु प्रभाकर द्वारा रचित है। इस पाठ में नाटककार ने एक ऐसे बच्चे के नाटक को दिखाया है जो छुट्टी के दिनों में अपना गृहकार्य नहीं बना पाने पर बिमारी का बहाना करता है ताकि वह स्कूल जाने से बच जाए।

पात्र परिचय

• मोहन – एक विद्यार्थी
• दीनानाथ – एक पड़ोसी
• मोहन की माँ
• मोहन की पिताजी
• मोहन की मास्टरजी
• वैध
• पड़ोसिन
• डॉक्टर

सार

मोहन कमरे में बेड पर लेटा बार बार पेट  पकड़ कर कराह रहा है। बगल में बैठी उसकी माँ गरम पानी का बोतल से पेट सेंक रहीं है। वह मोहन के पिता से पूछती हैं कि उसने कुछ ख़राब चीज़ तो नहीं खायी है। पिता तसल्ली देते हुए कहते हैं कि मोहन ने केवल केला और संतरा खाया है। दफ़्तर से ठीक ही आया था, बस अड्डे पर अचानक बोला – पेट में ‘ऐसे-ऐसे’ हो रहा है।

माँ पिता से पूछती हैं कि डॉक्टर अभी तक क्यों नहीं आया। माँ पिता को बताती हैं कि हींग, चूरन, पिपरमेंट दे चुकीं हैं परन्तु कोई लाभ नहीं हुआ। तभी फ़ोन की घंटी बजती है। पिता फ़ोन रखने के बाद बताते हैं कि डॉक्टर साहब आ रहे हैं।

थोड़ी देर बाद वैध जी आते हैं। वे मोहन की नाड़ी छूकर बताते हैं कि उसके शरीर में वायु बढ़ने के कारण ऐसा हो रहा है। वह बताते हैं कि उसे कब्ज़ है, कुछ पुड़िया खाने के बाद ठीक हो जाएगा। वैध जी के जाने के बाद डॉक्टर साहब आ जाते हैं। वे मोहन की जीभ को देखते हैं और बताते हैं कि उसे बदहजमी है। वह दवाई भेजने की बात करते हुए निकल जाते हैं।

डॉक्टर के जाने के बाद पड़ोसिन आती है। वह मोहन की माँ को नयी-नयी बीमारियों के बारे में बताती है। उसी वक़्त मोहन के मास्टरजी भी आ जाते हैं। वह मोहन का हाल पूछते हैं। मास्टरजी समझ जाते हैं कि मोहन ने गृहकार्य पूरा नहीं किया है इसलिए वह बिमारी का बहाना कर रहा है। मास्टरजी सभी को बताते हैं कि मोहन ने महीने भर मस्ती की जिसके कारण उसका स्कूल का कार्य पूरा नहीं हुआ इसलिए उसने यह बिमारी का बहाना किया। मास्टरजी मोहन को दो दिन का वक़्त देते हैं और कार्य पूरा करने के लिए कहते हैं। माँ यह बात सुनकर दांग रह जाती है। पिताजी के हाथ से दवा की शीशी गिरकर टूट जाती है। सभी लोग हँस पड़ते हैं।

कठिन शब्दों के अर्थ

• हवाइयॉ उड़ना – घबराना

• अंट शंट – ऐसी – वैसी चीजे

• गड़  गड़ – गुड़ – गुड़ की आवाज

• भला चंगा – स्वस्थ

• चेरा सफेद होना – परेशान करना

• बला – मुसीबत

• वात – शरीर में रहने वाली वायु के बढ़ने का रोग

• गुलजार – चहल पहल वाला

• बदहजमी – अपच

• छका देना – परेशान करना

• जान निकलना – बहुत डर जाना / परेशान होना

• पेट में दाढ़ी होना – बहुत होशियार होना

• अट्टहास – जोर की हँसी

Read More

Chapter 7 साथी हाथ बढ़ाना Notes for Class 6 Hindi Vasant

सार

‘साथी हाथ बढ़ाना’ गीत साहिर लुधियानवी द्वारा लिखा गया है। यह गीत ‘नया दौर’ फिल्म के लिए लिखा गया था। यह गीत आजादी के कुछ समय बाद लिखा गया था जब देश का निर्माण हो रहा था। यह गीत हमें मिल-जुलकर कर काम करने को प्रेरित करता है। कवि ने इस गीत में बताया है कि जब-जब मनुष्य ने मिलकर काम किया है, तब-तब उसने हर मुश्किल को आसानी से पार किया है। कवि के अनुसार सुख-दुःख का चक्र जीवन में हमेशा आता रहता है। हमें हर परिस्थिति में हमेशा अपनी मंजिल की ओर बढ़ते रहना चाहिए। दुनिया में हर बड़ा चीज़ छोटे-छोटे चीजों से मिलकर ही बना है।

साथी हाथ बढ़ाना … आज अपनी खातिर करना।

व्याख्या – इन पंक्तियों में कवि ने लोगों को साथ मिलकर काम करने को प्रेरित किया है। एक अकेला काम करते-करते थक जाएगा इसलिए भारत के निर्माण में सभी को हिस्सेदार बनने के लिए कहा है। भारतीयों का हौसला अफजाई करने के लिए कवि ने बताया है कि जब भी लोगों ने एकता के साथ काम किया तब समुद्र ने अपना रास्ता छोड़ मदद की है तथा पर्वत ने भी उनके सामने अपना सिर झुकाकर उन्हें जगह दी है। कवि के अनुसार हमारी बाहें और सीना फौलाद से बना है जिससे हम  मुश्किल काम कर सकने की क्षमता रखते हैं। कवि ने याद दिलाते हुए कहा कि हमने पहले भी गैरों (ब्रिटिश) के लिए काम किया है और आज हमें खुद आजाद भारत का निर्माण करना है।

अपना दुःख भी एक है साथी … साथी हाथ बढ़ाना।

व्याख्या: इन पंक्तियों में कवि ने सुख-दुःख को लोगों का साथी बताया है चूँकि इनका क्रम जीवन में हमेशा चलता रहता है। हमें दुःख में घबराना नहीं चाहिए वहीं सुख में ज्यादा उत्साहित भी नहीं होना चाहिए और अपनी मंजिल को ओर सदा कदम बढ़ाते रहना चाहिए।

कवि ने एकता की ताकत को स्पष्ट करते हुए बताया है कि एक-एक बूँद के मिलने से ही दरिया बनता है। छोटे-छोटे अंशों को मिलाकर सेहरे का निर्माण होता है। छोटे राई के दानों से पर्वत बन जाता है उसी प्रकार अगर हर व्यक्ति एक-दूसरे से मिलकर काम करे तो किस्मत को भी पलट कर उसे सुनहरा रूप दिया जा सकता है। इसीलिए हमें मिल-जुलकर काम करना चाहिए।

कठिन शब्दों के अर्थ

• फौलादी – मजबूत

• राहे – रास्ते

• लेख की रेखा – भाग्य में लिखा होना

• गैर – पराए

• कतरा – बूँद

• ज़र्रा  – कण

• इंसाँ – मनुष्य  

Read More

Chapter 6 पार नज़र के Notes for Class 6 Hindi Vasant

पार नज़र के पाठ का सारांश

पार नज़र के कहानी जयंत विष्णु नार्लीकर जी द्वारा लिखा गया है ,जिसमें आपने रोमांचकारी ढंग से मंगल गृह के जीवन के बारे में बताया है। कथा की शुरुवात में बताया गया है कि छोटू नाम के लड़के ने अपने पापा के सिकुरित्य्य पास को ले लिया और सुरंग के रास्ते जाने लगा ,लेकिन वह पकड़ा गया और वापस फिर घर भेज दिया गया। छोटू के पापा इन्ही सुरंगनुमा जगहों जगहों पर काम करते थे। छोटू सुरंगनुमा जगह पर इसीलिए पकड़ा गया क्योंकि निरीक्षक यंत्र में संदेहास्पद स्थिति दर्ज हो गयी है। छोटू के पापा न होते ,तो छोटू का बचना मुश्किल था। घर पहुँच कर छोटू के ऊपर बहुत डांट पड़ी। पापा ने माँ के गुस्से से बचा लिया। पापा ने छोटू को समझाया कि सुरंगनुमा जगह को पार कर धरती के ऊपर जाया जाता है। उसके लिए ख़ास तरह के स्पेस शूट की जरुरत होती है। पापा कहने लगे कि एक समय था जब मंगल ग्रह पर सभी लोग जमीन पर ही रहते थे। लेकिन वातावरण में परिवर्तन आने से कई तरह के जीवन जो धरती पर रहा करते थे ,मरने लगे। सूरज में परिवर्तन होते ही वहां का प्राकृतिक संतुलन बिगड़ने लगा। ऐसी पारिस्थितियों का सामना करने के लिए पशु पक्षी ,पेड़ पौधे आदि सभी अक्षम साबित हुए। केवल तकनीकी ज्ञान के आधार पर वे जमीन के नीचे बना पाए। अतः यंत्रों के सहारे जीवन चलता है। उन्ही यंत्रों की मरम्मत करने के लिए मुझे जाना पड़ता है। यह सुनकर छोटू भी चहक उठा और कहने लगा कि बड़ा होकर मैं आपकी तरह बनूँगा। यह सुनकर माँ ने कहा कि इसके लिए तुम्हे पढना पड़ेगा। दूसरे दिन जब छोटू के पापा काम पर गए तो उन्हें पता चला कि मंगल ग्रह की तरफ दो यान बढ़ते चले आ रहे है। ऐसी आपदा की स्थिति में कॉलोनी की प्रबंध समिति की सभा बुलाई गयी। अध्यक्ष ने बताया कि किसी अन्य ग्रह से अन्तरिक्ष यान चले आ रहे है। सभी लोगों ने सलाह मशविरा कर बताया कि कुछ ऐसा प्रबंध किया जाए ,जिससे इन यानों में लगे यंत्रों को इस धरती की कोई चीज़ महत्वपूर्ण  हाथ न लगे। सभा चल ही रही थी कि अन्तरिक्ष यान धरती पर उतर चुका है। अन्तरिक्ष यान से एक यांत्रिक हाथ बाहर निकला ,जिसकी लम्बाई हर पल बढती जा रही थी। तभी छोटू ने कंसोल का लाल बटन दबा दिया ,जिससे यान के यांत्रिक हाथ का हिस्सा बिगड़ गया। इससे छोटू के पापा गुस्सा हो गए। सभी लोगों की नज़र लाल बटन पर गयी जिसे पुनः स्थिति में लाया गया। तब तक अन्तरिक्ष यान के यांत्रिक हाथ की स्थिति बिगड़ गयी थी। यंत्र बेकार हो गया था। 

कुछ दिनों बाद पृथ्वी के प्रमुख अखबारों में यह खबर छपी कि मंगल की धरती पर उतरा हमारा यान वाइकिंग अपना निर्धारित कार्य कर रहा है। लेकिन  किसी अज्ञात कारणवश उसमें खराबी आ गयी है ,जिसे दुरुस्त कर लिया जाएगा। आज भी पृथ्वी पर रहस्य बना हुआ है कि क्या मंगल ग्रह पर भी पृथ्वी की ही तरह जीवन है या नहीं। 

Read More

Chapter 5 अक्षरों का महत्व  Notes for Class 6 Hindi Vasant

सार

दुनिया में सभी तरह की पुस्तकें अक्षरों से बनी  हैं। हर दिन हजारों पुस्तकें छपती हैं। अक्षर हमारे विचारों को आदान-प्रदान करने का साधन हैं। अक्षरों के बिना हम इस दुनिया की कल्पना नहीं कर सकते हैं। पुराने ज़माने के लोग सोचते थे, अक्षरों की खोज ईश्वर ने किया है। पर आज हम यह जानते की अक्षरों की खोज मनुष्य ने की है।

धरती लगभग पाँच अरब साल पुरानी है। करोड़ों साल तक धरती पर केवल जानवरों और वनस्पतियों का धरती पर राज्य रहा। पाँच लाख साल पहले आदमी ने धरती पर जन्म लिया। धीरे-धीरे मनुष्य का विकास हुआ। दस हजार साल पहले आदमी ने गाँवों को बसाना शुरू किया वह खेती करने लगे। पत्थरों के औजारों का इस्तेमाल करने लगा। ताँबे और काँसे के भी औजार बनाए। चित्रों के माध्यम से प्रागैतिहासिक मानव ने अपने भाव को व्यक्त करना शुरू किया।

काफी समय बाद आदमी ने अक्षरों की खोज की। अक्षरों की खोज छह हजार साल पहले हुई। इसके खोज के साथ एक नए युग की शुरुआत हुई। मनुष्य अपने विचारों और हिसाब-किताब को लिखने लगा और वह ‘सभ्य’ कहा जाने लगा। जबसे मनुष्य ने लिखना शुरू किया तब ‘इतिहास’ आरम्भ हुआ। उसके पहले के काल को ‘प्रागैतिहासिक काल’ कहा जाता है।

अगर आदमी अक्षरों की खोज नहीं कर पाता तो हम इतिहास को नहीं जान पाते। अक्षर की खोज मनुष्य की सबसे बड़ी खोज है। अक्षर की खोज के बाद मानव जाति के विकास में तेजी आई।

कठिन शब्दों के अर्थ

• तादाद – संख्या

• मूल – जड़

• अनादि – जिसका आरम्भ ना हो

• वनस्पतियाँ – पेड़ – पौधे

• प्रागैतिहासिक – इतिहास से पहले का काल

• काँसा – पीतल और ताँबे के मिश्रण से बनी धातु

• अस्तित्व – विधमानता

• घोतक – प्रकट करने वाले

• भाव – संकेत – भाव को  प्रकट करने वाले चि  

• कौम – जाति

• पीढ़ी – किसी  जाति , कुल या व्यक्ति की वंश परंपरा की कोई कड़ी

• सभ्य – शिष्ट

Read More

Chapter 4 चाँद से थोड़ी सी गप्पें Notes for Class 6 Hindi Vasant

सार

‘चाँद से थोड़ी-सी गप्पें’ कविता ‘शमशेर बहादुर सिंह’ द्वारा लिखित है। इस कविता को कवि ने एक दस-ग्यारह साल एक लड़की के मन का वर्णन किया है। वह जिज्ञासु प्रवत्ति की होने का कारण चाँद से कई सवाल पूछना चाहती है और उनके बारे में अधिक जानना चाहती है। वह चाँद से पूछती है कि क्यों वे तिरछे नजर आते हैं। वह सारे आकाश को चाँद का वस्त्र समझती है जिसपर कई सितारे जड़े हैं। चाँद का घटना-बढ़ना को वह एक बिमारी समझती है।

गोल हैं खूब मगर … गोल-मटोल,

व्याख्या: इस काव्यांश में बच्ची चाँद को देखकर कहती है कि वह बहुत गोल हैं पर तिरछे नजर आते हैं। वह आकाश को उनके वस्त्र बताती है साथ ही आकाश में छाये तारों को उनके वस्त्र के सितारे जो चमक रहे हैं। चाँद का सारा शरीर वस्त्र से ढँका है। केवल चाँद का गोरा-चिट्टा गोल मुँह ही दिखाई देता है।

अपनी पोशाक को फैलाए हुए चारों सिम्त। …. आता है।

व्याख्या: लड़की चाँद से कहती है कि उनकी पोशाक चारों दिशाओं में फैली हुई है। लड़की कहती है वे उसे कमअक्ल नहीं समझे, उसे पता है कि चाँद को बिमारी है। जब वे घटते हैं तो वे लगातार घटते चले जाते हैं और बढ़ते हैं तो बढ़कर पूरे गोल-मटोल हो जाते हैं। चाँद की यह बिमारी उनसे ठीक नहीं हो रही है।

कठिन शब्दों के अर्थ

• सिम्त – दिशाएँ

• नीरा – पूरा

• दम – साँस

• मरज – बीमारी

• बिलकुल गोल – पूरी तरह गोलाकार

• सुलभ – आसानी से प्राप्त किया जाने वाला

Read More

Chapter 3 नादान दोस्त Notes for Class 6 Hindi Vasant

प्रस्तुत कहानी लेखक प्रेमचंद द्वारा लिखी गई है। कहानी दो भाई-बहन पर आधारित कहानी है। इस कहानी में लेखक ने केशव और श्यामा नामक भाई-बहन की नादानी का जिक्र किया है।
कहानी का सार कुछ इस प्रकार है-
केशव और श्यामा दो भाई-बहन हैं। उनके घर के कार्निस के ऊपर चिड़िया ने अंडे दिए थे। दोनों भाई-बहन हर रोज चिड़िया को आते जाते देखते। दोनों भाई उनको देखने में इतने मगन हो जाते कि अपना खाना-पीना भी भूल जाते थे। चिड़िया के अंडों को देखकर उनके मन में कई सवाल उठते थे जैसे बच्चे कब बड़े होंगे, किस रंग के होंगे, बच्चे किस तरह से निकलेंगे। बच्चों के इन प्रश्नों का उत्तर देने वाला कोई नहीं था क्योंकि उनके पिता पढ़ने-लिखने में तो माँ घर के कामों में व्यस्त रहती थीं। इसलिए दोनों आपस में ही सवाल-जवाब करके अपने दिल को तसल्ली दे दिया करते थे।
इस तरह तीन चार दिन गुजर जाते हैं। दोनों चिड़िया के बच्चों के लिए परेशान होने लगते हैं। उन्हें लगता है कि कहीं चिड़िया के बच्चे भूख-प्यास से न मर जाय।
वे चिड़िया के अंडों की सुरक्षा हेतु विभिन्न उपाय करते हैं जैसे खाने के लिए चावल और पीने के लिए पानी, छाया के लिए कूड़े की बाल्टी और अंडों के नीचे कपड़े की मुलायम गद्दी को बनाकर रखना। यह सारा कार्य उन्होंने पिता के दफ़्तर जाने और दोपहर में माँ के सो जाने के बाद किया।
परन्तु उनके उपाय निरर्थक हो जाते हैं। चिड़िया अपने अंडे स्वयं ही तोड़ देती है। बच्चों की माँ को जब यह बात पता चलती है तो वे उन्हें बताती है कि चिड़िया के अंडों को छेड़ने से वह दोबारा उन्हें सेती नहीं बल्कि उन्हें तोड़ देती है। यह सुनकर दोनों को बहुत पछतावा होता है। परन्तु बहुत देर हो चुकी होती है। वे दोनों अंडों की सुरक्षा के लिए अच्छे कार्य ही करते हैं। परन्तु ज्ञान और अनुभव की कमी के कारण वे उनकी बर्बादी का कारण बन बैठते हैं। उसके बाद उन्हें वह चिड़िया कभी दिखाई नहीं देती है।
प्रेमचंद ने इसीलिए उन दोनों को नादान दोस्त कहा है। यह कहानी हमें सीख देती है कि किसी भी कार्य को करने से पहले पूरी तरह से सुनिश्चित कर लें कि जो आप कर रहे हैं, वह सही है या नहीं। केशव और श्यामा ने चिड़िया के बच्चों के लिए जो भी किया था यदि वे अपने माता-पिता से एक बार पूछ लेते, तो शायद वे उन चिड़िया के बच्चों को अपने सामने देख पाते।

Read More